- जनसेवक एवं ऊखली पंचायत उपप्रधान सुशील ठाकुर ने छेड़ी मुहिम
- सौर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में युवाओं को किया नशे के प्रति जागरूक
- पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सेब तथा जापानी फल के पौधों का किया वितरण
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
देश के भविष्य युवाओं को नशे से बचाने के लिए जनसेवक एवं उपप्रधान ग्राम पंचायत ऊखली सुशील ठाकुर ने युवा सुरक्षित देश सुरक्षित अभियान का आगाज किया है। इसकी शुरूआत सौर क्षेत्र में आयोजित हुई दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान की गई। दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे सुशील ठाकुर ने कहा कि देश का भविष्य नशे की गर्त की तरफ बढ़ रहा है। यदि युवा शक्ति को आज सही रास्ता नहीं दिखाया गया तो आने वाला समय चुनौतियां से भरा होगा। उन्होंने उन बच्चों से भी आह्वान किया है जो मोबाइल गेम में ही घंटो बिता देते हैं कि खेल मैदान में पहुंचकर खेलों में भाग लें, क्योंकि मोबाइल के अधिक प्रयोग से कई बार मानसिक संतुलन प्रभावित होता है। मोबाइल गेम के बढ़े प्रचलन के कारण मानसिक संतुलन प्रभावित होने के मामलों में भी वृद्धि दर्ज की गई है। बाद में इस तरह के बच्चों को उपचार की आवश्यकता पड़ जाती है। यदि वास्तविक खेलों की तरफ बच्चे आकर्षित होंगे तो वह मानसिक तौर पर भी मजबूत बनेंगे। उन्होंने कहा कि आज देखने में आता है कि कई युवा नशे की चपेट में आकर अपने भविष्य बर्बाद करने पर तुले हुए हैं तथा अपने परिजनों के लिए चिंता का सबब बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी के चलते युवा सुरक्षित देश सुरक्षित अभियान को शुरू किया गया है। इस अभियान के साथ युवा शक्ति सहित प्रबुद्ध लोगों को जोड़ा जाएगा ताकि समाज में फैल रहे नशे के दुष्प्रभाव का व्यापक प्रचार हो और युवा समय रहते संभल जाएं। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों से भी अपील की है कि अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। कई बार अभिभावक अपने बच्चों पर आंख मूंदकर विश्वास कर लेते हैं तथा बाद में वास्तविक परिस्थितियां भयावह हो जाती है। सौर महादेव यूथ क्लब की तरफ से आयोजित की गई दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में 18 टीमों ने भाग लिया। दो दिनों तक चली प्रतियोगिता के अंतिम दिन कबड्डी के कड़े मुकाबले देखने को मिले। समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे जनसेवक एवं उपप्रधान ग्राम पंचायत ऊखली सुशील ठाकुर ने अपनी तरफ से युवाओं को 15 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजकों से भी आहवान किया कि अपने साथ युवाओं को जोड़कर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करते रहें। प्रतियोगिताओं से जहां प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ती है वहीं युवाओं का ध्यान नशे की तरफ से हटकर भविष्य संवारने की तरफ हो जाता है। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधियों सहित क्षेत्र के प्रबुद्धजन मौजूद रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला साईं हास्टल बिलासपुर तथा हमीरपुर की टीम के मध्य हुआ। फाइनल मुकाबले में साईं हॉस्टल बिलासपुर की टीम विजेता रही जिसे 5100 रुपए की इनामी राशि तथा ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता रही हमीरपुर की टीम को 4100 रुपए तथा ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चलती रहेगी : सुशील ठाकुर
पर्यावरण संरक्षण का बीड़ा उठा चुके जनसेवक एवं ऊखली पंचायत के उपप्रधान सुशील ठाकुर ने क्षेत्र के लोगों को सेब तथा जापानी फल (परिसीमन) के पौधों का वितरण किया। सर्द मौसम में लगने वाले पौधे लोगों को वितरित किए गए। इससे पहले भी हजारों फलदार पौधों का वितरण पंचायतों में किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। आज आधुनिकता के दौर में पेड़ों का कटान किया जाता है लेकिन उनकी जगह नए पेड़ नहीं लगाए जाते। उन्होंने कहा कि फलदार पौधे लगाने से जहां पर्यावरण सुरक्षित होगा वहीं लोगों को फलों से आमदन भी अर्जित होगी। सुशील ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चलती रहेगी।





