आवाज हिमाचल। हमीरपुर
सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को देश का सबसे झूठा मुख्यमंत्री करार देते हुए उन पर वादाखिलाफी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री सुजानपुर की जनता के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं और अपनी ही घोषणाओं को उन्होंने नजरअंदाज कर दिया है। राजेंद्र राणा ने प्रैस ब्यान जारी करते हुए कहा कि यदि 5 मार्च 2025 तक सुजानपुर में की गई घोषणाओं को अमली जामा नहीं पहनाया गया, तो जनता सड़कों पर उतरकर बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी और सरकार को नींद से जगाने का प्रयास करेगी। पूर्व विधायक ने बताया कि 5 मार्च 2023 को जब मुख्यमंत्री होली उत्सव के दौरान सुजानपुर आए थे, तब उन्होंने एक विधायक के रूप में मुख्यमंत्री के सामने मंच से छह प्रमुख मांगें रखी थीं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकार करते हुए इन्हें पूरा करने का ऐलान किया था। इन मांगों में टौणी देवी में डिग्री कॉलेज का निर्माण, सुजानपुर के 50 बेड के अस्पताल को 100 बेड में अपग्रेड करना और नई बिल्डिंग बनाना, सुजानपुर में आधुनिक बस अड्डे का निर्माण, सुजानपुर डिग्री कॉलेज में अंग्रेजी और अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करना और सुजानपुर में जल शक्ति विभाग और विद्युत विभाग के डिवीजन को पुन: क्रियाशील करना शामिल था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने तब मंच से ही इन सभी मांगों पर मोहर लगाते हुए कहा था कि वह इन्हें स्वीकार करने का ऐलान कर रहे हैं लेकिन मुख्यमंत्री का यह ऐलान कागजी साबित हुआ है। राजेंद्र राणा ने कहा कि टौणी देवी में डिग्री कॉलेज के निर्माण के लिए 55 कनाल जमीन पहले ही हस्तांतरित कर दी गई थी, फिर भी कॉलेज की स्थापना नहीं हुई। सिर्फ एक नोटिफिकेशन करके सरकार नींद में चली गई। राणा ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा खुद मंजूर की गई योजनाओं पर अभी तक कोई अमल नहीं हुआ, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द से जल्द इन घोषणाओं को अमली जामा नहीं पहनाया गया, तो 5 मार्च 2025 को सुजानपुर में जनता के साथ मिलकर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
