आवाज हिमाचल। हमीरपुर
जो हिमाचल देव भूमि, वीर भूमि के नाम से जाना जाता है वह आज बढ़ते नशे के प्रकोप से जाना जा रहा है। यह बात प्रैस विज्ञप्ति जारी करते हुए पूर्व जिला महामंत्री अजय रिंटू ने कही। रिंटू ने कहा आज हिमाचल का युवा जिस तरह से चिट्टे की गिरफ्त में फंसता जा रहा है उससे आने वाला भविष्य कितना भयानक, भयावह होगा इसकी कल्पना से ही डर लग रहा है आए दिन युवाओं की मौत इस चिट्टे की वजह से हो रही है। नशा माफिया पूरे प्रदेश में पैर जमा चुका है यह बहुत ही चिंतनीय है। आज समाज में ज्यादातर अपराध नशे की वजह से अंजाम दिए जा रहे है जब युवाओं की नसों में खून की जगह नशा दौड़ता है तो परिवार और समाज पतन की तरफ चला जाता हैं जो युवा अपनी काबिलियत और रचनात्मक कार्यों की बदौलत समाज को ऊंचाईयों पर ले जा सकता है वही युवा नशे की वजह से समाज पर बोझ बन कर खोखला और कमजोर बनता नजर आ रहा है। आए दिन मीडिया में आ रहा है कि यह अधिकारी, वह अधिकारी, डाक्टर, पुलिस, अधिवक्ता, पटवारी व अन्य इस तरह के लोग जो आम जनमानस के लिए दिशा व दशा निर्धारित करते हैं वही लोग इस नशे की तस्करी में संलिप्त पाए जा रहें है तो सोचिए कैसे सुदृढ़ समाज की नींव होगी। कहते हैं अगर बाड़ ही खेत को खा ले तो जमीन बंजर ही रहेगी ऐसे समाज के विरुद्ध उठना होगा। पंचायत स्तर पर युवक मंडल, महिला मंडल समाजिक संगठन, संस्थान सब को मिलकर नशे के खिलाफ अलख जगाना पड़ेगा युवाओं को चिट्टे से बचाने के लिए अब चुप रहने का वक्त नहीं यह सिर्फ एक व्यक्ति या सरकार की जि़म्मेदारी नहीं,बल्कि पूरे समाज का कर्तव्य है हर घर से एक आवाज़ उठनी चाहिए। हर गांव और शहर से एक संकल्प लेना चाहिए नशा मुक्त हिमाचल के लिए। अपने बच्चों, अपने समाज और अपने आने वाले भविष्य के लिए आगे आइए, जागरूक बनिए और इस लड़ाई में अपना योगदान दीजिए। हिमाचल के युवाओं की जिंदगी बचाएं आज हमें जागरूक समाज की भूमिका निभाते हुए युवाओं को चिट्टे से बचाने के लिए जन आंदोलन की जरूरत है।





