आवाज हिमाचल।नादौन
नादौन के साथ लगते ज्वालामुखी क्षेत्र के सुधांगल गांव के निकट व्यास नदी में नहाते हुए एक युवक पानी में बह गया जिसका अभी तक कोई पता नहीं चला है। पुलिस तथा परिजन उसकी तलाश में जुटे हैं। युवक नादौन के भूंपल क्षेत्र का बताया जा रहा है। पता चला है कि अपने दोस्तों तथा बहन सहित यह लोग उक्त स्थल पर नदी किनारे घूमने गए थे। जहां पर जब युवक नहाने के लिए पानी में उतरा तो देखते ही देखते वह अचानक पानी में गायब हो गया। इसके बाद उसकी बहन तथा सभी दोस्त उसे ढूंढते हुए व्यास पुल नादौन पर पहुंचे जहां उन्होंने अन्य लोगों को अपनी आप बीती बताई। इसके बाद सूचना मिलने पर उसके परिजन भी मौका पर पहुंच गए। जबकि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर युवक की तलाश आरंभ कर दी है। थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने बताया कि मामला ज्वालामुखी क्षेत्र में आता है इसलिए ज्वालामुखी पुलिस को इस बारे जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।





