आवाज हिमाचल। नादौन
क्षेत्र में फोर लेन के कार्य में लगे टिप्पर चालकों की तेज गति में वाहन चलाने की लगातार आ रही शिकायतों पर नादौन पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा की अगवाई में स्थानीय इंद्रपाल चौक पर पुलिस टीम ने सभी टिप्पर चालकों के दस्तावेज चेक किए जिनमें से चार टिप्पर चालकों के पास दस्तावेज न होने के कारण इन वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वही एक जेसीबी मशीन का चालान काटा गया है। गौर हो कि 2 दिन पूर्व ही शहर के बीएसएनएल कार्यालय के बाहर एक टिप्पर की चपेट में आ जाने से एचआरटीसी विभाग के परिचालक की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बाद से ही लोग इन टिप्पर चालकों की मनमर्जी पर शिकंजा कसने की मांग कर रहे थे। बुधवार को थाना प्रभारी बाबू राम शर्मा ने अपनी टीम सहित स्थानीय इंद्रपाल चौक पर एक बड़ा नाका लगाया था। इसी दौरान टिप्पर चालकों पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने निर्माण कार्य में लगे अन्य लोगों तथा कंपनी प्रभारीयों को भी सख्त चेतावनी जारी की है कि निर्माण कार्य में लगा यदि कोई भी वाहन बिना दस्तावेज पाया गया या नियमों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





