आवाज हिमाचल। हमीरपुर
हमीरपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर हिमाचल व लोकल मुद्दों को छोड़ देश विदेश के मुद्दों पर वोट मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर अनुराग ठाकुर जनता के लोकल मुद्दों पर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं तो उन्हें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की जनता से वोट मांगने का भी कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि अनुराग कह रहे हैं कि मैंने ट्रेन चलाई तो मै उन्हें बता देना चाहता हूं कि जब 1990 में आपने राजनीति शुरू की ऊना तक उससे पूर्व ही रेल लाइन बिछ चुकी थी और कांग्रेस ने ही उस लाइन पर रेल चलाई थी। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर हिमाचल के हितों को केंद्र मे उठाने मे पूरी तरह नाकाम रहे हैं। अनुराग अगर सही में ही जनता के हितैशी रहे हैं तो वह बताएं कि आपदा के समय उन्होंने हिमाचल के हित की पैरवी केंद्र में क्यों नहीं की। हिमाचल के कर्मचारियों के 9 हजार करोड़ के फंड को क्यों केंद्र से नहीं दिलवा पाए है। रायजादा ने कहा कि अनुराग भी प्रधानमंत्री मोदी की तरह केवल लोगों को झूठे सपने दिखाते आए हैं, लेकिन प्रदेश के लिए कोई बड़ी सौगात तक नहीं दिलवा पाए हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग बार- बार एम्स की बात करते हैं तो पहले जेपी नड्डा व अनुराग इस बात का आपस में बैठकर हल कर लें कि एम्स को नड्डा लेकर आए या फिर अनुराग। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से ही जाति धर्म की राजनीति करती आ रही है, भाजपा ने लोस चुनाव में भगवान राम के नाम पर जो राजनीति शुरू की है उससे देश के करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पंहुच रही है। यह देश का दुर्भाग्य ही है कि जो पार्टी खुद को सबसे बड़ी पार्टी कहती है उसे उस भगवान राम के नाम पर वोट मांग रही है जिन्होंने अपने धर्म व वचन को निभाने के लिए अपने घरवार तक त्याग दिए थे। ऐसे मर्यादा पुरुषोतम के नाम पर भाजपा जिस तरह लोकतंत्र की सारी मर्यादाओं को लंघा जा रहा है वह देश को शर्मसार करने वाली है।





