आवाज हिमाचल। हमीरपुर
जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत चमनेड में स्थित ऐतिहासिक बाबा बिल्केश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर्व का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस मौके पर सुबह चार बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरा दिन भक्तों ने कतारबद्ध बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में स्थित 35 फीट ऊंची भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा पर गांव के समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा के सौजन्य से 151 किलोग्राम फूलों का हार चढ़ाया गया। इस अवसर पर समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा सहित विधायक सदर आशीष शर्मा की धर्मपत्नी स्वाति जार भी मुख्य तौर पर मौजूद रही।
मंदिर कमेटी के मुख्य सलाहकार दुर्गा दास शर्मा ने कहा कि दिल्ली, कोलकाता और चीन से लाए गए फूलों के साथ मंदिर परिसर को सजाया गया है। यह फूल गांव के समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा ने भिजवाए हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में सुबह चार बजे आरती होने के पश्चात ही श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए। यहां 35 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य मूर्ति आकर्षण का केंद्र है। दानी सज्जनों में अक्षय शर्मा, ब्रह्म दास एवं अन्य ग्रामीणों द्वारा मंदिर में खीर, फल आहार, अमरती. आदि का प्रसाद बांटा गया। रात के समय चार पहर की पूजा की गई एवं सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही भजन कीर्तन का आयोजन भी किया गया। शनिवार को यहां हवन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर कमेटी के प्रधान सुरेश बबली, सचिव अनिल शर्मा, उपप्रधान राकेश शर्मा, कोषाध्यक्ष पुरषोतम शर्मा, बांकू राम शर्मा, मीडिया प्रभारी उमेश कुमार शर्मा, शुभम पठानिया सहित अन्य मौजूद रहे।






