- विधायक ने सुजानपुर में बावड़ी का किया उद्घाटन,
- कहा : सुजानपुर शहर का पुराना एवं एतिहासिक वैभव लौटाना उनका मकसद
आवाज हिमाचल। सुजानपुर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेंद्र राणा ने शुक्रवार को सुजानपुर टीहरा के वार्ड नंबर 3 न्यू कॉलोनी में 8 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार हुई बावड़ी का उद्घाटन कर जनता को समर्पित की। इस मौके पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं को भी सुना तथा अधिकतर का मौके पर निपटारा करने के बाद शेष का शीघ्र समाधान करने के संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। एतिहासिक धरोहरों को सहेजने के साथ शहर के सौंदर्यीकरण पर काम किया जा रहा है। उनका यही विजन है कि सुजानपुर शहर विकास के लिहाज से अग्रणी हो, जहां किसी तरह की मूलभूत सुविधा की कमी न हो। सुजानपुर शहर का पुराना एवं एतिहासिक वैभव फिर से लौटाना ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि समूचे विधानसभा क्षेत्र का एकसमान विकास करने का उनका प्रयास है तथा इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आई आपदा से क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था, लेकिन प्रदेश सरकार व प्रशासन ने हर प्रभावित तक पहुंचकर सहायता पहुंचाई है। विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने से पहले जो वायदे किए थे, उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। सुजानपुर क्षेत्र में ही सिविल अस्पताल को 50 से 100 बिस्तरों का कर अतिरिक्त स्टाफ की भी स्वीकृति मिल गई है। टौणीदेवी में सरकारी क्षेत्र में डिग्री कालेज खोला जा रहा है, जिसकी अगले शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अन्य विकास कार्यों को भी तेजी दी गई है। उन्होंने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से भी आह्वान किया कि अगर उन्हें किसी तरह की कोई समस्या है, तो बेझिझक होकर उनसे मिलकर उन्हें बताएं। हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्हेंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि जनता के जायज कार्यों को तय समय में पूरा किया जाए।





