- शिक्षामंत्री रोहित ठाकुर ने कोटला स्कूल को भेजा प्रशंसा-पत्र
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
प्रदेश में समस्त लिखित औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए सर्वप्रथम कलस्टर सिस्टम लागू करने के लिए राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोटला को शिक्षामंत्री श्री रोहित ठाकुर ने प्रशंसा – पत्र भेजा है। प्राथमिक और मिडल स्कूल के स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष को इस बारे में प्रशंसा- पत्र मिला है। गौरतलब है कि जिला हमीरपुर के बड़सर उपमंडल की राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोटला ने कलस्टर सिस्टम की अधिसूचना के जारी होने के एक दिन में ही लिखित माईक्रोप्लान बनाकर बकायदा शपथ पत्र पर प्राथमिक और मिडल स्कूल ने लिखित अनुबंध और सहमति – पत्र हस्ताक्षरित किया था जिस पर समूचे स्कूल स्टाफ और स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद स्कूल ने प्रार्थना सभा और मिड डे मील संयुक्त रूप से बनाना शुरू किया और मिडल स्कूल इंचार्ज विजय हीर ने मिडल स्कूल में सरप्लस पड़े डेस्क प्राथमिक स्कूल कोटला को दे दिए और रीडिंग रूम स्थापित किया। संयुक्त प्रतिस्पर्धाएं करवाई गई और प्राथमिक व मिडल स्कूल के बच्चों की संयुक्त गतिविधियां आयोजित कर बच्चे सम्मानित किए । शिक्षमंत्री श्री रोहित ठाकुर ने इस स्कूल के इस सार्थक प्रयास की सराहना करते हुए क्लस्टर सिस्टम को लागू करने के लिए अडिग समर्थन हेतु स्कूल प्रशासन का धन्यवाद भी किया है। शिक्षमंत्री द्वारा जारी प्रशंसा- पत्र हेतु कलस्टर राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोटला के प्रभारी विजय हीर सहित मुख्य शिक्षक उत्तम सिंह, क्लस्टर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष मीना देवी और उपाध्यक्ष पूजा कुमारी, कलस्टर कमेटी सदस्य अश्वनी पटियाल ,सुनीता कुमारी सहित अनेकों सदस्यों ने आभार व्यक्त किया है।





