आवाज हिमाचल। हमीरपुर
प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की व्यवस्था परिवर्तन की सोच के चलते इस दिशा में निर्णायक कदम उठाते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जिनके चलते इंतकाल और तकसीम के लगभग 90,000 और 7000 मामलों के निपटारे से वर्षों से कार्यालयों के चक्कर काट रहे प्रदेशवासियों को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने जारी ब्यान में कहा कि आरंभ में प्रदेश के विपक्षी नेताओं ने मुख्यमंत्री को हल्के में लेते हुए उनके विषय में कई प्रकार की गैरजिम्मेदाराना टिप्पणियां की परंतु उन्होंने तमाम आलोचनाओं को नजरंदाज करते हुए साहस, संयम और दूरदर्शिता से कार्य कर भाजपाइयों के दुष्प्रचार को न केवल गलत साबित किया अपितु भाजपा नेताओं की जनविरोधी कार्यप्रणाली को भी सफलता पूर्वक जनता में बेनकाब किया। 13 माह के छोटे से कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने जहां एक ओर प्रदेश को मजबूत, मानवीय संवेदनाओं को समर्पित और प्रदेश को स्वावलंबी बनाने की मंशा से दूरदर्शी नेतृत्व प्रदान कर जनता के दिलों में अपनी गहरी छाप छोडऩे में सफलता प्राप्त की वहीं भाजपा की सत्ता लोलुपता तथा इसके नेताओं की हिमाचल विरोधी मानसिकता को उजागर कर उन्हें कटघरे में खड़ा कर बैकफुट पर धकेलने में भी सफल हुए। कौशल ने कहा कि अब भाजपा नेता लोकसभा चुनावों के मद्देनजर सरकार एवं मुख्यमंत्री के विषय में कई प्रकार की आधारहीन बयानबाजियां करने में मशगूल हैं परंतु उन्हें कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी चारों लोकसभा सीटें जीत कर प्रदेश में विजय के क्रम को जारी रखेगी।





