भोरंज में पुलिस को नशे की बड़ी खेप पकडऩे में मिली सफलता
हमीरपुर के किसी व्यक्ति को पंहुचाई जानी थी नशे की खेप
आवाज हिमाचल। भोरंज
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में भले ही नशे के खिलाफ पुलिस ने मुहीम छेड़ रखी हो लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद भी नशे का कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। पुलिस विभाग को आए दिन नशा तस्करों को पकडऩे मे कामयाबी भी मिल रही है, बाबजूद इसके नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार को भी हमीरपुर पुलिस ने कुल्लू के एक निवासी से नशे की बड़ी खेप पकडऩे मे सफलता हासिल की है लेकिन हैरानी इस बात की है कि ये खेप हमीरपुर के ही किसी व्यक्ति तक पंहुचाई जानी थी। पुलिस ने नशे की खेप के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भोरंज थाना के तहत चाहब मोड़ पर नाके के दौरान पुलिस को यह सफलता हासिल हुई है। भोरंज पुलिस गस्त पर थी और चाहब मोड़ पर नाका लगाया हुआ था, नाके के दौरान गाडिय़ों की चैकिंग की जा रही थी इसी दौरान एक गाड़ी से पुलिस ने 5 किलो 22 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गाड़ी में बैठे व्यक्ति की पहचान रतन लाल निवासी भुंतर कुल्लू के रूप मे हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ एक्ट के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर गाड़ी को कब्जे मे ले लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। बता दें कि हमीरपुर पुलिस नशा व नशा तस्करों के खिलाफ सख्ती से निपटने के लिए मुहीम चलाये हुए है। इस मुहीम के चलते जिला पुलिस जगह-जगह गाडिय़ों की तलाशी व सर्च अभियान के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने का काम भी कर रही है। बावजूद इसके जिला में नशे का कारोबार दिन प्रतिदिन युवाओं को अपने आगोश में निगलता जा रहा है। भले ही अपने अभियान में पुलिस को कामयाबी भी मिल रही है लेकिन जिले मे नशेडिय़ों व तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद है कि पुलिस की कारवाई का भी इन्हे कोई खौफ नहीं है। जिसके चलते प्रदेश का सबसे शिक्षित जिला हमीरपुर धीरे-धीरे नशे का पर्याय बनता जा रहा है। हालांकि हमीरपुर पुलिस के नशे के खिलाफ मुहीम सराहनीय कदम है और पुलिस विभाग लगातार लोगों से सहयोग की अपील कर रही है, लेकिन युवाओं को नशे के दलदल से बचाना अब पुलिस के लिए भी टेढ़ी खीर साबित हो रहा है जो कि चिंता का विषय बनता जा रहा है।
भोरंज के चाहब मोड़ पर पुलिस को नशे की बड़ी खेप पकडऩे के सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने एक गाड़ी से 5 किलोग्राम के करीब चरस पकड़ी है। आरोपी रतन लाल भुंतर कुल्लू से संबध रखता है जिन्हें गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाही अमल मे लाई जा रही है।
डॉ. आकृति शर्मा,
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर






