एसपी ने परमार्थ इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ककड़ियार के मेधावी विद्यार्थियों बांटे पुरस्कार
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
परमार्थ इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ककड़ियार का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह वीरवार को मनाया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने मां सरस्वती को नमन एवं दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों, स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि परमार्थ इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतरीन शिक्षा उपलब्ध करवा रहा है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भी बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करके यह संस्थान इनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, मेहनत और समय के उचित प्रबंधन के बल पर बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जीवन में असफलताओं से कभी भी निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि सफलता एवं मुकाम पाने के लिए हमें दोगुनी ताकत के साथ मेहनत करनी चाहिए। जब लक्ष्य बड़ा होगा तो जीवन में संघर्ष और मुश्किलों का सामना भी करना पड़ेगा। डॉ. आकृति शर्मा ने बच्चों को किसी भी तरह के तनाव या दबाव के बगैर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में कई महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
इससे पहले स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर अंजू शर्मा, प्रधानाचार्य सपना शर्मा और अन्य शिक्षकों ने पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया तथा स्कूल की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों से अवगत करवाया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके खूब समां बाधा। समारोह में बच्चों के अभिभावक और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।





