- कहा- प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को दरुस्त करने में रही नाकाम, लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को हो रहे मजबूर
- जिला में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर जताई चिंता, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी उठाये सवाल
आवाज हिमाचल। बड़सर
जिला हमीरपुर में दिन प्रतिदिन बढ़ती आपराधिक घटनाओं से क़ानून व्यवस्था चरमरा गई है। बिगड़ती क़ानून व्यवस्था और प्रतिदिन सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हो रही है बावजूद इसके मुख्यमंत्री सुक्खू अपने ही जिला में क़ानून-व्यवस्था को दरुस्त नहीं कर पा रहे हैं। यह बात बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने वीरवार को जारी प्रेस ब्यान के माध्यम से कही है। विधायक लखनपाल ने बड़सर सहित जिला हमीरपुर में बिगड़ती क़ानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में क़ानून व्यवस्था को दुरुस्त करने मे नाकाम साबित हुई है। मुख्यमंत्री के गृह जिला में पिछले दो माह में सैकड़ों चोरी और आपराधिक घटनायें सामने आ चुकी हैं लेकिन पुलिस के हाथ खाली हैं। विधायक लखनपाल ने कहा कि अब बात अकेले बड़सर की ही करें तो पिछले दो माह में क्षेत्र में 50 से ज्यादा चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं परंतु पुलिस अब तक किसी भी चोर को पकडऩे मे कामयाब नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न लगाते हुए कहा कि बिगड़ती क़ानून व्यवस्था के बीच अपराधियों के हौसले बुलंद है और बिना किसी खौफ के लोगों के घरो, दुकानों, संस्थानों और गाडिय़ों को निशाना बनाकर हाथ साफ कर रहे है लेकिन पुलिस प्रशासन केवल मात्र हाथ पर हाथ धरे बैठा तमाशा देख रहा है। लखनपाल बोले प्रदेश की कांग्रेस सरकार लोगों को सुरक्षित माहौल नहीं दे पा रही है इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ज़ब मुख्यमंत्री के गृह जिले में कानून-व्यवस्था का यह हाल है, तो प्रदेश के बाकी हिस्सों में क्या स्थिति होगी? उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने जनता को भयभीत कर दिया है। पुलिस को कई बार सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा गया, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों, संस्थानों और समारोह स्थलों पर अब तक निगरानी नहीं बढ़ाई गई। यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता, तो जनता का कानून व्यवस्था पर से भरोसा उठ जाएगा। विधायक ने कड़े शब्दों मे कहा कि अगर जल्द ही इन चोरों को नहीं पकड़ा गया और कानून व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो जनता के साथ मिलकर बड़सर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अगर पुलिस प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई, तो हमें मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा। प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाए।





