- सिंतबर 2022 से छठे वेतन आयोग के तहत मिलना है एरियर, भोरंज व बमसन में हो चुका है भुगतान
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
हमीरपुर जिला की पंचायतों में कार्यरत जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग के तहत अभी तक एरियर का भुगतान नहीं हो पाया है। हालांकि वित्त विभाग की मंजूरी के बाद विभाग ने अप्रैल 2024 से संशोधित नया वेतनमान जारी कर दिया है लेकिन सितंबर 2022 के बाद से मार्च 2024 की वेतन को जिसे एरियर के तौर पर दिया जाना था उसे अभी तक जिला के केवल दो ही ब्लॉकों में जारी किया गया है जबकि अन्य चार ब्लॉकों में एरियर की यह राशि जारी नहीं हो सकी है। जिससे जिला परिषद कर्मचारियों का सरकार व विभाग के प्रति गहरा रोष है। जिला परिषद कर्मचारियों की मानें तो सरकार ने सितंबर 2022 से उन्हें छठे वेतन आयोग के मुताबिक लाभ दिया जाने की अधिसूचना जारी की थी लेकिन सरकार के आदेशों के बाबजूद मुख्यमंत्री के गृह जिला के दो ब्लॉकों को छोड़ अन्य में यह एरियर की राशि जिला परिषद कर्मचारियों को अभी तक नहीं मिल पाई है। जिला परिषद कर्मचारी संगठन का कहना है कि जिला हमीरपुर के तहत 6 ब्लॉक आते हैं जिनमे भोरंज व बमसन को विभाग ने एरियर का भुगतान कर दिया है जबकि हमीरपुर, नादौन, सुजानपुर व बिझड़ी ब्लॉकों में कर्मचारियों को एरियर का भुगतान नहीं किया है। उधर, पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की मानें तो पंचायतों मे तैनात जिला परिषद कर्मचारियों को अप्रैल 2024 से छठे वेतन आयोग के तहत वेतन का भुगतान किया जा रहा है। एरियर को लेकर अभी तक कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है, लेकिन यहां सवाल ये उठता है कि यदि एरियर को लेकर कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है तो भोरंज व बमसन के तहत आने वाले जिला परिषद कर्मचारियों को किस आदेश के तहत एरियर का भुगतान किया गया है।
बॉक्स
एरियर अभी सभी ब्लॉकों में नहीं किया गया जारी : अशोक कुमार
जिला परिषद कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार से इस मामले पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अप्रैल 2024 से छठे वेतनमान के मुताबिक वेतन जारी किया जा रहा है लेकिन सिंतबर 2022 से मार्च 2024 तक मिलने वाले एरियर अभी सभी ब्लॉकों मे जारी नहीं किया गया है। भोरंज व बमसन में विभाग ने एरियर का भुगतान कर दिया है।
बॉक्स
जिला परिषद कर्मचारियों को प्रदेश भर में अप्रैल माह से छठे वेतन आयोग के तहत वेतन जारी किया जा रहा है। एरियर के लिए अभी तक कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई है जैसे ही अधिसूचना आती है तो एरियर का भुगतान कर दिया जायेगा।
निशांत शर्मा,विकासखंड अधिकारी (अतिरिक्त कार्यभार), बिझड़ी।





