हमीरपुर पहले भी झेल चुका है मुख्यमंत्री खोने का दर्द
भाजपा के चार विधायक कांग्रेस के संपर्क में
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
हमीरपुर में हुई भाजपा की रैली पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुई है, हमीरपुर की जनता ने भाजपा की रैली से नदारद होकर यह साबित कर दिया है कि जनता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को किसी भी क़ीमत पर नहीं खोना चाहती है क्योंकि हमीरपुर ने इससे पूर्व मुख्यमंत्री खोने का दर्द झेला है। यह बात प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने हमीरपुर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कही। विधायक सुरेश ने कहा कि जो लोग सत्ता में रहते कभी समीरपुर नहीं आए अब वह लोग उन बिकाऊ नेताओं को लेकर धूमल के चरणों मे नतमस्तक हो रहे हैं। जिन्होंने कांगे्रस में रहते पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के खिलाफ पानी पी-पीकर कोसने का काम किया था। उन्होंने कहा कि प्रो. धूमल सुजानपुर से जनता के बीच प्रत्यक्ष संदेश दे चुके हैं कि जो लोग धनवान होते हैं वही बिकते हैं। आम कार्यकता कभी नहीं बिकता और न ही पार्टी छोड़ता है। विधायक ने कहा कि 6 बागियों और 3 निर्दलीयों को भाजपा में शामिल करने से अब कार्यकर्ताओं मे रोष को स्थिति पैदा हो चुकी है। सालों से पार्टी के साथ जुड़े कार्यकर्ताओं को इन बागियों के भाजपा मे शामिल करने से जिस तरह पार्टी मे स्थिति पैदा हुई है उसे देखते हुए 6 बिकाऊ विधायकों के टिकट पर भाजपा फिर विचार करने के मूड में है इसके लिए भाजपा ने ऊना में एक बैठक भी की है। आगामी समय में हो सकता है कि पार्टी को बचाने के लिए भाजपा इन बिकाऊ नेताओं की जगह नए लोगों को टिकट देकर चुनाव में उतार दे, जबकि यह बात पक्की हो चुकी है कि जिन 3 निर्दलीय विधायकों ने इस्तीफा दिया है भाजपा उन्हें कभी पार्टी टिकट पर चुनाव मे नहीं उतारेगी। विधायक सुरेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के 6 विधायक सरकार बनने के पहले दिन से ही मुख्यमंत्री के खिलाफ थे और भाजपा के हाथों बिकने को तैयार थे, मौका मिलते ही जिन्हे बिकना था वह बिक गए अब कांग्रेस की 34 विधायक टिकाऊ है और मुख्यमंत्री के साथ खडे हैं। जनता के साथ विश्वासघात करने वाले सभी विधायकों के खिलाफ जनता का प्रदेश भर में भारी गुस्सा है। हमीरपुर की जनता अपने जिला के मुख्यमंत्री को किसी भी क़ीमत पर नहीं खोना चाहती है इस लिए चुनावों मे मुख्यमंत्री को सशक्त बनाने के लिए कांग्रेस को वोट करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले 14 महीनों में प्रदेश भर में विकास की जो गाथा लिखी है, आम नागरिकों तक उनका हक पंहुचाने का काम किया है। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व मुख्यमंत्री को चेहरा बनाकर कांग्रेस चुनावी मैदान मे उतर चुकी है और जल्द ही सभी सीटों पर प्रत्याशीयों की घोषणा भी करेगी।
बॉक्स
जयराम ठाकुर का गणित खराब, 5 साल चलेगी सरकार
कांग्रेस लोकसभा व विधानसभा उप चुनावों के लिए जिताऊ व टिकाऊ प्रत्याशियों को मैदान मे उतारेगी। जयराम ठाकुर को सत्ता की भूख है इसलिए उन्होंने कांग्रेस के विधायकों को खरीद कर सरकार को गिराने की कोशिश की। जयराम बार-बार सरकार गिरने की बात कर रहे है उनका गणित ही नहीं दिमाग़ भी खराब हो चुका है उन्हें किसी अच्छे अस्पताल में इलाज की जरूरत है। विधायक सुरेश कुमार बोले की भाजपा के चार विधायक उनके संपर्क मे हैं, 6 बिकाऊ नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा में पूरी तरह से खलबली मच चुकी है और कई दिग्गज नेता भी कांगेस ज्वाइन करने वाले है जिसका खुलासा जल्द ही सामने आएगा। कांग्रेस सरकार को लेकर पूरी तरह सशक्त है और उप चुनावों में पार्टी कार्यकताओं को टिकट देकर चुनाव में उतारने पर मंथन कर रही है। भाजपा के जो नेता कांगेस पार्टी मे शामिल हो रहे हैं उनका स्वागत है पार्टी इन सभी नेताओं के मान-सम्मान का पूरा ख्याल भी रखेगी।





