आवाज हिमाचल। हमीरपुर
ग्राम पंचायत बस्सी झनियारा के गांव चुनहाल में फ्लोर मिल के समीप स्थित ट्रांसफार्मर के साथ चीड़ के सूखे पेड़ जो कि विद्युत विभाग द्वारा डाली गई तारों को छू रहा था जिसकी वजह से आए दिन स्पार्किंग हो रही थी और धीमी हवा के कारण भी बिजली गुल हो रही थी। गांव वासियों द्वारा विभाग से इसकी शिकायत करने बाद विभाग हरकत में आया और चीड़ के सूखे पेड़ को काट दिया जो कि अभी तक दूसरे पेड़ों पर ही अटका है। विभाग ने उक्त ट्रांसफार्मर की तारें भी खोल दी और इस समस्या का स्थाई समाधान करने के बजाय डिब्ब में स्थित ट्रांसफार्मर के साथ छल बुहला, छल उपरला, अधवानी व चुनहाल गांव को जोड़ दिया गया जिससे डिब्ब में लगे ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त बोझ पडऩे के कारण वार वार फियूज उड़ रहा है और गांववासियों को घंटों बिना बिजली के रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है। विभाग द्वारा इन तारों को डिस्कनेक्ट किए हुए करीब दस दिन बीत गए, लेकीन उसके बाद विभाग ने इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया। जिसे लेकर गांववासियों में विभाग के प्रति रोष पनप रहा है। गांववासी अशोक कवि, जसवंत सिंह, सरदूल सिंह, सरूप सिंह व अंकुर ठाकुर ने विभाग शीघ्र समस्या को हल करने की मांग की। गांववासियों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र समस्या का हल नहीं किया तो गांववासी विभागीय अधिकारियों का घेराव करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।





