दियोटसिद्ध में अब तक 4 लाख ने नवाया शीश, 4 करोड़ पंहुची आमदनी
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
देश दुनिया मे बैठे करोड़ों लोगों की श्रद्धा का प्रतीक बने बाल योगी बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मेलों के दौरान अब तक 4 लाख के करीब श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए हैं। 14 मार्च से शुरू हुए चाला मेलों के दौरान अब तक मंदिर न्यास दियोटसिद्ध को श्रद्धालुओं से चढ़ावे के तौर पर 4 करोड़ की आमदनी हुई है। आधिकारिक तौर पर एक माह तक चलने वाले चाला मेलों के दौरान रोजाना भारी संख्या मे श्रद्धालु बाल योगी के दरबार नतमस्तक हो रहे और अपनी श्रद्धा व भक्ति के मुताबिक भेंट भी चढ़ा रहे हैं। विदेशी श्रद्धालु जहां बाबा जी के दरबार में विदेशी मुद्रा का दिल खोलकर दान कर रहे है वहीं पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से पहुंचने वाले भक्त भी सोना, चांदी व अन्य चीजों का दान कर रहे हैं। इसी कड़ी मे इंग्लैंड के एनआरआई जसपाल भट्टी ने पौणाहारी के दरबार परिवार सहित पहुंचकर बाबा के चरणों में साढ़े सात लाख रूपये की हुंडई एक्सटर गाड़ी भेंट की है। जसपाल भट्टी मूलत: पंजाब के रहने वाले है और लम्बे अरसे से इंग्लैंड में सेटल हैं। बाबा बालक नाथ के प्रति उनकी आपार श्रद्धा है जिसके चलते हर साल चैत्र मास मेलों के दौरान वह परिवार सहित बाल योगी के दरबार आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। इस बार भी उन्होंने परिवार सहित बाबा की पवित्र गुफा के दर्शनों के बाद मंदिर अधिकारी को गाड़ी सौंपी है। दीगर यह है कि चैत्र मास को सिद्ध बाल योगी बाबा बालक नाथ का महीना माना जाता है जिसके चलते दियोटसिद्ध मे चैत्र मास में लाखों की तादाद में श्रद्धालु दर्शनों के लिए पंहुचते है और मन्नतें मांगते हैं। धौलगिरी पर्वत के शिखर पर स्वर्ण सिहांसन पर विराजमान सिद्ध योगी बाबा बालक नाथ हर श्रद्धालु की मन्नत को पूरा करते है जिसकी एवज मे श्रद्धालु यहां रोट प्रसाद के साथ श्रद्धा से बकरे भी चढ़ाते हैं। मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाता है ताकि यहां पंहुचने वाले भक्तो को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसी के चलते मंदिर परिसर को 24 घंटे खुला रखा जा रहा है।
बॉक्स
पुरातन परम्पराओं के मुताबिक आज भी महिलाएं बाबा जी के दर्शन गुफा के सामने बनी गैलरी से ही करती है! हालांकि मंदिर न्यास की तरफ से महिलाओं के गुफा प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है लेकिन महिलाएं पुरातन परम्पराओं का निर्वहन करते हुए आज भी अपनी श्रद्धा का परिचय देते हुए बाल योगी के दूर से दर्शन करना ही शुभ मानती है।
बॉक्स
चैत्र मास मेलों के दौरान अब तक 4 लाख के करीब श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दर्शन किए हैं। श्रद्धालुओं से न्यास को चढ़ावे के तौर पर अब तक 4 करोड़ के करीब आमदनी हो चुकी है। इंग्लैंड के एनआरआई जसपाल भट्टी ने लाखों रूपये की गाड़ी बाबा जी के चरणों मे अर्पित की है जिसके लिए मंदिर न्यास उनका आभार व्यक्त करता है। श्रद्धांलुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।
धर्मपाल नेगी
मंदिर अधिकारी बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध।





