गर्भावस्था से बच्चे के जन्म तक का रहेगा रिकार्ड
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
जिला हमीरपुर की गर्भवती महिलाओं का समय पर टीकाकरण हो सके इसके लिए अब स्वास्थ्य विभाग के मदर एंड चाइल्ड पोर्टल में संशोधन किया है। पोर्टल पर हुए संसोधन के बाद अब गर्भावस्था से ही महिला का डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर चढ़ाया जायेगा, जिससे किसको कब टीकाकरण करना है इसकी पुख्ता जानकारी विभाग के पास रहेगी। टीकाकरण से कौन सी महिला छूट गई है आशा वर्कर्स को भी इसकी पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी। इस संशोधन के बाद हमीरपुर जिला के बीएमओ तथा डाटा एंट्री आप्रेटर्ज को जानकारी देने के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का अयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर के दौरान बताया गया कि महिला के गर्भावस्था से लेकर बच्चे को जन्म देने तक किस तरह से डाटा अपलोड किया जाएगा। यदि किसी महिला को कोई टीका गर्भावस्था के दौरान लगने से छूट जाए तो पोर्टल पर उसका रिकार्ड देखा जा सकता है। ऐसे में आशा वर्कर एक दिन पहले ही टीकाकरण के लिए सचेत कर देगी। मदर एंड चलाइल्ड पोर्टल पर महिला तथा बच्चे के टीकाकरण का पूरा रिकार्ड ऑनलाइन रहेगा। ऐसे में इनको मिलने वाले टीकाकरण उपचार के संदर्भ में पूरी पारदर्शिता बनी रहेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. आरके अग्निहोत्री ने बताया कि मदर एंड चलाइल्ड पोर्टल में कुछ बदलाव किया गया है। इसी बदलाव की जानकारी प्रदान करने के लिए बीएमओ तथा डाटा एंटी आप्रेटर्ज को बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान से ही महिला का डाटा ऑनलाइन अपलोड कर दिया जाएगा। गर्भावस्था के दौरान चार चरणों में टीकाकरण होता है। यदि महिला टीकाकरण से छूट जाती है तो उसका डाटा ऑनलाइन शो हो जाएगा। ऐसे में आशा वर्कर उसे टीकाकरण करवाने के लिए बता देगी। ऐसे में जरूरी टीकाकरण महिलाओं का हो पाएगा। वहीं बच्चे को जन्म देने के उपरांत बच्चे का टीकाकरण का रिकार्ड भी ऑनलाइन रहेगा।





