- हमीरपुर की एक युवती पर शादी का झाँसा देकर, युवक से दस लाख ठगने के भी लगाए आरोप
आवाज हिमाचल। हमीरपुर
पुलिस थाना हमीरपुर सदर के तहत आने वाले भिड़ा क्षेत्र में हुई युवक की मौत पर मृतक की बहन ने एक युवती को जिम्मेदार ठहराया है। मृतक की बहन ने बताया है कि एक युवती, जो कि सैलून चलाती है, उसने उसके भाई को शादी का झांसा देकर गुमराह किया और मृतक से दस लाख रुपए की ठगी की गई है। इन सारी बातों से आहत होकर उसका भाई तनाव में चला गया था। यही वजह है कि उसके भाई की अचानक छह फरवरी को मृत्यु हो गई। हालांकि मामले में पुलिस जांच कर रही है। इसी बीच मृतक को इंसाफ दिलाने के लिए सोमवार को क्षेत्र के युवाओं का प्रतिनिधिमंडल मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा। यहां पहुंचे युवाओं ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है कि मामले की सही ढंग से जांच की जाए तथा जिस युवती पर शादी का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठने के आरोप लगे है, उसके खिलाफ आरोप सिद्ध होने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सबूत के तौर पर कुछ दस्तावेज भी पुलिस के समक्ष पेश किए हैं। वहीं हमीरपुर पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है यदि आरोपित युवती के खिलाफ गुनाह साबित होता है नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, पुलिस मामले की जांच कर रही है।





