आवाज हिमाचल। बड़सर
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दियोटसिद्ध गद्दी नशीन महंत श्री श्री श्री 1008 राजेंद्र गिरि जी महाराज की मलकीत भूमि पर भू-माफिया द्वारा जबरन कब्जा किए जाने का विश्व हिंदू परिषद ने कड़ा ऐतराज जताया है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री पंकज भारतीय, जिला अध्यक्ष हमीरपुर नरेश कपिल व महामंत्री संजय गोस्वामी ने संयुक्त रूप से जारी प्रैस ध्यान में कहा कि धार्मिक हिंदू मंदिरों व संत समाज की मलकीयत भूमि पर भू-माफिया द्वारा कब्जाने का प्रयास निंदनीय कृत्य है, आधी रात को धार्मिक स्थल दियोटसिद्ध में बेखौफ गुंडागर्दी से जमीन को हथियाने की जो हिमाकत की है उससे साजिश व षड्यंत्र कि बू आ रही है। जिस तरह से इस वारदात को अंजाम दिया गया है उससे यह स्पष्ट होता है कि भू माफिया का भूमि को कब्जाने के साथ साथ महंत की छवि को प्रभावित करने की भी मंशा थी। हिंदू धार्मिक स्थलों पर संत समाज की भूमि को कब्जाने जैसी घटनाओं को विश्व हिंदू परिषद किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगा। विश्व हिंदू परिषद के उक्त पदाधिकारियों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच व दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हमलवारों की इस बेखौफ वारदात से समूचा दियोटसिद्ध बाजार व महंत आवास प्रशासन में रहने वाले नागरिक खौफजदा हैं। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि भूमि पर जबरन कब्जा करने वाले हमलावर अब अनाप-शनाप बेहुदे आरोप लगाकर महंत आवास की छवि को खराब करने के प्रयास में लगे हैं। जिस तरह से हमलावरों की कब्जे में ली गई गाड़ी में ईंट, पत्थर, दराट, कुल्हाड़ी, लोहे की रोड़ें, हैक्सा ब्लेड, लाल मिर्च पाउडर बरामद हुआ है उससे स्पष्ट होता है की भू-माफिया हमलावर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे और किसी भी हद तक जा सकते थे। ये तो बाबा जी की ही कृपा थी कि सब ठीक रहा। विश्व हिंदू परिषद ने हमलावरों द्वारा दी गई धमकियों के मद्देनजर महंत आवास व वहां रहने वाले नागरिकों की रक्षा-सुरक्षा की मांग की है ताकि इस मामले पर कोई जानमाल की हानि न हो।





