उच्च न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए प्राथमिकता के आधार पर प्रशासन इस काम को करे शुरू
शहर की सड़क पर सुखपूर्वक चलने-फिरने का इंतजाम करे सरकार
आवाज हिमाचल । ब्यूरो हमीरपुर
हमीरपुर शहर की मुख्य सड़क को द मॉल घोषित करने की मांग फिर से जोर पकड़ने लगी है। हालांकि यह मांग दशकों पुरानी है। जिस पर बार-बार के आश्वासनों के बावजूद इस मांग को सरकार और सिस्टम ने लगातार नजर अंदाज किया है। यहां तक कि उच्च न्यायालय के आदेशों को भी प्रशासन ने नजर अंदाज करते हुए लगातार मामले को लटकाया है। अब हमीरपुर शहर की आवाम दशकों से लम्बित इस मांग को पूरा होने की उम्मीद लगा रही है। हमीरपुर शहर की मुख्य सड़क को द मॉल घोषित होने की आशाओं और अपेक्षाओं के बीच स्थानीय जनता ने हमीरपुर की सड़क को द मॉल घोषित करने का जोरदार स्वागत किया है। आम शहरी का मानना है कि इस मांग के पूरा होने के बाद द मॉल पर जहां स्थानीय नागरिक सुख से बेखौफ होकर खरीददारी कर सकेंगे वहीं बुजुर्ग ,बच्चों व महिलाओं को भारी राहत होगी। स्थानीय जनता ने प्रशासन से अपील की है कि शहर की सड़क को प्राथमिकता के आधार पर द मॉल घोषित किया जाए। ताकि रोजमर्रा की खरीददारी व अन्य कामों के लिए शहर में पहुंचने वाले लोग ट्रैफिक के डर से बेखौफ होकर खरीददारी कर सकें। उधर स्थानीय पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। जबकि पूर्व सीनियर सिटीजन काउंसिल के पदाधिकारियों व सहयोगियों ने प्रशासन के इस कदम को क्रांतिकारी फैसला करार देते हुए कहा है कि प्रशासन के इस फैसले से जहां शहर की इस सड़क की शान व भव्यता बढ़ेगी वहीं दूसरी ओर आम जनता सुख की सांस लेगी। उन्होंने कहा कि द मॉल घोषित करने से पहले प्रशासन शहर की सड़क का सौंदर्यकरण करने के साथ पानी के निकासी की नालियों व छोटा फुटपाथ शहर की सड़क के दोनों ओर बनाए। इसके साथ जहां स्थान और सुविधा मिले वहां बुजुर्ग शहरियों व राहगिरों को बैठने के लिए बैंचों व ठण्डे पानी के कूलरों का इंतजाम करे। डीसी ऑफिस चौक, गांधी चौक, पुराने एसडीएम चौक के साथ शहर की इस सड़क पर आधुनिक रोशनियां लगाने की व्यवस्था हो ताकि हमीरपुर शहर की शान और बढ़ सके।
बॉक्स
पूर्व सीनियर सिटीजन काउंसिल के तमाम सदस्यों के साथ शहर के बुजुर्ग प्रशासन के इस फैसले का स्वागत करते हैं तथा प्रशासन से आग्रह करते हैं कि इस सराहनीय व सुविधाजनक कदम को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। क्योंकि हमीरपुर शहर की सड़क को द मॉल बनाने की मांग से ज्यादा अभी यह समय की जरूरत है।
ज्ञान चंद शर्मा, पूर्व चेयरमैन सीनियर सिटीजन काउंसिल हमीरपुर |






